गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के कान्हा होटल में शनिवार देर रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। होटल मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फायरिंग करते मिला। पुलिस ने मौके से एक खोखा कारतूस और क्षतिग्रस्त कार बरामद की है। देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह टीम के साथ कान्हा होटल पहुंचे थे। वहां ईशवदीप ओबराय और मंगेश, रूस्तम कुमार व उनके साथियों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो रही थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने ईशवदीप की खड़ी कार का शीशा तोड़ दिया।
आरोप है कि इससे आवेश में आकर ईशवदीप ओबराय ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर ईशवदीप को गिरफ्तार कर लिया।
उपनिरीक्षक की तहरीर पर ईशवदीप ओबराय, मंगेश और रूस्तम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ईशवदीप राजनगर एक्सटेंशन, मंगेश पुरानी सीमापुरी दिल्ली और रूस्तम टीलामोड़ का रहने वाला है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।