स्क्रैप गोदाम में आग बुझाते दमकलकर्मी। स्रोत: पुलिस
गाजियाबाद। मसूरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित दीनानाथपुर पुट्ठी गांव के नजदीक इलेक्ट्रॉनिक्स स्क्रैप गोदाम में मंगलवार की शाम अचानक आग लग गई। वायर और प्लास्टिक के पुराने सामान में लगी आग से जहरीला धुआं उठा। इससे आसपास के लोगों की आंखों में जलन और स्वांस लेने में भी काफी परेशानी हुई। टीम ने गोदाम की शेड्स तोड़कर धुआं बाहर निकाला और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि हसनपुर रोड स्थित दीनानाथ पुर स्थित आसिफ मलिक के स्क्रैप गोदाम में मंगलवार की देर शाम आग लग गई। सूचना पर पहुंची टीम को प्लास्टिक के स्क्रैप से उठे धुएं से काफी परेशानी हुई। टीम बीए सैट पहनकर फैक्टरी में दाखिल हुई और पानी की बौछार की। साथ ही फैक्टरी का टीन शेड तोड़कर धुआं बाहर निकाला। आग ने विकराल रूप धारण किया तो चार पानी के बड़े टैंक मौके पर भेजे गए। साथ ही हापुड़ फायर स्टेशन भी एक टैंकर मंगाया गया। फैक्टरी मालिक आसिफ मलिक ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आंशका है। आग बुझाने तक करीब 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब फैक्टरी में काम करने वाले घर चले गए थे, मौके पर केवल चौकीदार और उसमें रहने वाला एक परिवार था। जो आग लगने पर सकुशल बाहर आ गया।