खोड़ा। थानाक्षेत्र के शिव विहार निवासी गगन को आठ अक्तूबर की रात तीन लोगों ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उनसे मारपीट की। बीच-बचाव करने आए युवक के पिता ईश्वर दयाल शर्मा और उनकी बहन को भी पीटा। पुलिस ने नौ नवंबर की रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में ईश्वर दयाल शर्मा ने बताया कि आठ अक्तूबर को बेटा गगन दुकान बंद करके घर की तरफ आ रहा था। रात करीब आठ बजे जब वह घर के पास पहुंचा तब धर्वेंद्र, पप्पू और एक अज्ञात व्यक्ति ने बेटे को रोक लिया गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। शोर सुनकर वह खुद भी बाहर निकले लेकिन आरोपियों ने उनसे भी हाथापाई की। मोहल्ले के अन्य लोगों को एकत्र होता देख आरोपी मारने की धमकी देकर मौके से भाग खड़े हुए। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।