बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। संवाद
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर शांति एंटरप्राइजेज नामक कूलर कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर कोतवाली एफएसओ शेषमणि त्रिपाठी ने बताया कि आग प्लॉट नंबर एफ-21 पर स्थित फैक्टरी के भूतल पर बनी अस्थायी टीन शेड में लगी थी। यह आग लगभग 500 वर्ग मीटर के भूखंड पर फैल गई थी। कोतवाली फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने आग की भयावहता को देखते हुए अन्य गाड़ियां भेजने की मांग की। इसके बाद वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भेजी गईं। कुल आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दोपहर साढ़े 12 बजे लगी आग पर करीब दो बजे काबू पाया लिया गया। शांति एंटरप्राइजेज फैक्टरी के मालिक वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि आग से फैक्टरी के संपूर्ण भूतल पर बनी अस्थायी टीन शेड को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता अभी तक नहीं चला है।