मुरादनगर। राधेश्याम विहार कॉलोनी में नामी प्रकाशकों की नकली किताबें बेचने के आरोप में एक दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दुकान से 108 पुस्तकें बरामद कर उन्हें कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी ललित सरदाना, भारती भवन पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स व धनपत राय पब्लिकेशन प्रा. लि. के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मुरादनगर में उनकी कंपनियों के नाम से कथित रूप से नकली पुस्तकें बेची जा रही हैं। शिकायत पर पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची।
जांच के दौरान राधेश्याम विहार कॉलोनी फेज-1 स्थित दुकान संख्या-4 पर संचालित मोहित की दुकान से कुल 108 पुस्तकें बरामद की गईं। इनमें भारती भवन की 78 और धनपत राय पब्लिकेशन की 30 पुस्तकें शामिल हैं। पुलिस ने सभी पुस्तकों को सील कर थाने में जमा करा दिया।
एसीपी अजय कुमार ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि नकली पुस्तकें कहां से लाई गईं और उनका नेटवर्क कितना बड़ा है।