सीतापुर जिले में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने थाने पर पहुंचकर पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर की रहने वाली है। उसकी दोस्ती क्षेत्र के गांव नगला इलाहाबाद निवासी युवक से फेसबुक पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी।
शादी करने के बाद जानकारी हुई कि आरोपी ने पहले भी किसी अन्य महिला से शादी की हुई है। इसके बाद भी वह उसके साथ रहने लगी। इस दौरान आरोपी युवक ने उससे तीन लाख रुपये ले लिए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह मंगलवार रात को सीतापुर से गांव नगला इलाहाबाद स्थित अपने पति के घर लौटी थी।
आरोप है कि घर लौटने के बाद उसके पति ने उसे पीटा और बुधवार सुबह घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और हंगामा किया। पुलिस के समझाने के बाद उसने थाने में पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दी है। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।