गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती बेटी के इलाज के दौरान दंपती में हुए आपसी विवाद में पति ने ब्लेड से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि उसकी बेटी का इलाज अस्पताल की इमरजेंसी में चल रहा है।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि विजय नगर निवासी लक्ष्मण की पत्नी अनु मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बेटी अनन्या की तबीयत खराब होने पर अस्पताल में आई थी। बच्ची को उल्टी-दस्त हो रहा था। गंभीर हालात को देखते हुए बच्ची को इमरजेंसी में भर्ती कर लिया गया। करीब चार बजे लक्ष्मण अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई। उसके बाद आवेश में आकर लक्ष्मण ने अपने पास मौजूद ब्लेड से गला काट लिया। गला कटने से खून निकलने लगा और इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए भर्ती किया। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है कि लक्ष्मण को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी बेटी अन्या को उल्टी-दस्त की परेशानी थी। उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, बच्ची की हालत में सुधार है।