टीला मोड में बिजली फॉल्ट ठीक करते विद्युत कर्मी मौके पर मौजूद अधिकारी। स्रोत ऊर्जा निगम
साहिबाबाद। कृष्णा कुटी बिजली घर से जुड़ी 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के चलते मंगलवार को पांच कॉलोनियों की तीन घंटे बिजली प्रभावित हुई। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी में काफी परेशानी हुई। वहीं, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में दिन और रात में अलग-अलग इलाके में करीब दस घंटे तक बिजली गुल रही। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी सतीश भारद्वाज ने बताया कि कॉलोनी में दिन रात मिलाकर करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने बताया कि सोमवार को बिजली कटौती से थोड़ी राहत मिली। वहीं, सोमवार रात 11 बजे फिर से फॉल्ट का बहाना लगाकर कटौती शुरू कर दी। सोमवार रात 11 बजे से सुबह तीन बजे तक बिजली नहीं आई। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से घरों में लगे इन्वर्टर डाउन हो गए। उमस और गर्मी के कारण लोग पूरी रात सो नहीं सके।
कृष्णा कुटी बिजली घर में फॉल्ट के कारण पांच कॉलोनी की बिजली गुल
कृष्णा कुटी बिजली घर की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के बाद डिफेंस कॉलोनी, पंचशील कॉलोनी, कुट्टी कॉलोनी और सोनिया विहार में सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक तीन बार बिजली चली गई। डिफेंस कॉलोनी निवासी सोनू प्रजापति ने बताया कि कॉलोनी में सुबह सात बजे 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने की वजह से बिजली करीब एक घंटे के लिए बिजली चली गई। इसके बाद करीब दस बजे फिर से बिजली चली गई। बिजली कटौती की शिकायत करते हैं तो हमेशा 33 केवी लाइन फेल बता देते हैं।
ऊर्जा निगम एसडीओ नवनीत पांडे का कहना है कि इंसुलेटर में कबूतर फंसने की वजह से 33 केवी लाइन में फॉल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। फॉल्ट ठीक होते ही आपूर्ति सामान्य कर दी गई थी।