गाजियाबाद तहसील में प्रदर्शन करते किसान। संवाद
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने मंगलवार को सदर तहसील परिसर में चार घंटे तक धरना दिया। खसरा खतौनी में हो रही त्रुटियों समेत किसानों ने अन्य समस्याओं को लेकर एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया।
संगठन के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में बड़ी तादाद में किसान सदर तहसील पर सवेरे 10 बजे एकत्र हुए। नाराज किसान तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान बिजेंद्र चौधरी ने कहा कि खसरा खतौनियों में त्रुटि तहसील प्रशासन ने की। इसका खमियाजा किसान भुगत रहे हैं। लगातार वह शिकायतें भी कर रहे हैं, लेकिन हल नहीं हो रहा। लेखपालों के स्तर पर किसानों से वसूली की जा रही है। आवारा पशु किसानों का नुकसान कर रहे हैं। इसके अलावा एक्सप्रेसवे समेत अन्य योजनाओं में अधिग्रहित हुई जमीन के मुआवजे की समस्या भी उन्होंने उठाई। एसडीएम ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया। इस मौके पर रामकुमार चौधरी, अनुज चौधरी, अमित चौधरी, रविंद्र नागर, मोंटी यादव आदि अनेक लोग मौजूद रहे।