गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में ई-रिक्शा तैयार करने वाली फैक्टरी में चार दिन पूर्व आग लगने के मामले में पुलिस ने विस्फोटक सामग्री बरामद की है। ई-रिक्शा असेंबल करने की आड़ में आतिशबाजी का सामान फैक्टरी में तैयार किया जाता था। विस्फोटक सामग्री में आग लगने से यहां काम करने वाले दो मजदूर झुलस गए थे। उपनिरीक्षक विक्रम सिंह ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि पांच नवंबर को राजनगर एक्सटेंशन स्थित विकास नगर में ई-रिक्शा असेंबल करने वाली फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आग की चपेट में आकर दो मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। सूचना पाकर पुलिस और फायर की टीम मौके पर पहुंची। दोनों मजदूरों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। दोनों की पहचान थाना चांदीनगर, जिला बागपत के रहने वाले समीर और खेकड़ा के शादाब के रूप हुई है।
पुलिस को जांच में पता चला कि तिशा ट्रेडर्स के नाम से फैक्टरी है, जिसके मालिक आदेश वर्मा सिहानी चुंगी निवासी हैं। बताया कि मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो वहां से कई बोरों में विस्फोटक सामग्री मिली।
एसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी का नाम नहीं पता चला। दरोगा की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।