गाजियाबाद। हिंडन विहार में 220 केवी हाईटेंशन लाइन के नीचे बने एक मकान में रविवार को धमाका हो गया। हिंडन विहार में एचटी लाइन के नीचे एक मकान में हो रहे अवैध निर्माण से लाइन छूने से घर की वायरिंग में तेज धमाका हुआ।
करंट उतरने से दर्जन भर मकानों के बिजली उपकरण फुंकने के साथ एक घर का फर्श उखड़ गया। एकाएक हुई घटना से हिंडन विहार में हड़कंप मचने के साथ लोग घरों से बाहर आ गए।
इससे करीब दो घंटे क्षेत्र की बिजली भी गुल रही।
ट्रांसमिशन के अधिकारियों के आने और मकान की छत पर हो रहे अवैध निर्माण को तोड़ने के बाद सप्लाई सुचारू हो सकी। घटना हिंडन विहार की 45 फुटा रोड पर बने एक मकान में हुई। दोपहर करीब एक बजे एक मकान की छत पर हो रहे निर्माण से एचटी लाइन का तार छू गया।
फिर तमाम घरों के बिजली के उपकरण, पंखे, बल्ब, टीवी, पानी का मोटर सहित आदि वस्तुएं जल गई। उपकरण जलने से कई घरों से धुआं भी निकलने लगा। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौका का निरीक्षण कर और छत पर हो रहे अवैध निर्माण को तुड़वाकर सप्लाई का सुचारू कराया।
लोगों को कई बार किया सचेत, नहीं पड़ा फर्क
एसई ट्रांसमिशन यतेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे बने घरों में लोग अवैध निर्माण करते जा रहे हैं। इसके चलते एचटी लाइनों से छत की दूरी काफी कम रह गई है। रविवार को भी एक घर की छत पर हो रहे निर्माण कार्य और गर्मी के चले कडक्टर नीचे आने व लाइन छूने से फॉल्ट हो गया।
बाद में छत पर से अवैध निर्माण तुड़वाकर टीन शेड हटवाई गई। लोगों को एचटी लाइन के नीचे निर्माण नहीं करने के बारे में कई बार समझाया गया है, लेकिन कवायद का कोई हल नहीं निकला है। फिलहाल लाइन के नीचे बने घरों के लोगों को नोटिस जारी किया गया है।