गाजियाबाद। एनएच-24 के पास एलिवेटेड रोड के निर्माण में बाधक बनी एक विद्युत लाइन को शिफ्ट कर दिया गया है। अब जल्द ही यहां दूसरी हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग कराने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में अब सितंबर तक एलिवेटेड रोड पर वाहन दौड़ने की उम्मीद बढ़ गई है।
यूपी गेट के पास एनएच-24 के पास से राजनगर एक्सटेंशन तक निर्माणाधीन करीब साढ़े 10 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड के निर्माण में तीन बाधाएं आ रही थीं। इनमें एनएच-24 पर दो हाईटेंशन लाइन शिफ्ट की जानी थी।
यह लाइनें इस रोड को एनएच-24 से जोड़ने में दिक्कत पैदा कर रही थीं। तीसरी लाइन हिंडन बैराज के पास रेलवे की शिफ्ट की जानी है। जीडीए के अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन ने बताया कि एनएच-24 पर एक हाईटेंशन लाइन शिफ्ट करने का काम पूरा कर लिया गया है।
अस्थायी लाइन बनाकर उस पर लोड ट्रांसफर कर दिया गया है। अब दूसरी लाइन शिफ्ट की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक महीने में यह सभी बाधाएं दूर होने की उम्मीद है। एलिवेटेड रोड का 87 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एक महीने में बाधाएं दूर हो जाएं तो अगस्त अंत या सितंबर के पहले सप्ताह में इस पर ट्रैफिक दौड़ सकता है।