पहले चरण के विधानसभा चुनाव में शनिवार को गाजियाबाद में कुल 57.2 प्रतिशत ही मतदान हुआ। 2012 के मुकाबले इस बार सिर्फ एक प्रतिशत ही मतदान बढ़ पाया। मतदान करने में सबसे आगे मोदीनगर, मुरादनगर, धौलाना (आंशिक) और लोनी विधानसभा के मतदाता रहे। शहर और साहिबाबाद विधानसभा सीट के मतदाताओं का रवैया उदासीन ही रहा।
हालांकि कुछ बूथ पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की लाइन देखी गई।धौलाना आंशिक सीट समेत गाजियाबाद की सभी विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। प्रशासन ने प्रत्येक दो घंटे को एक चरण मानते हुए मतदान का प्रतिशत जारी किया था।
सुबह करीब सवा 9 बजे जारी पहले चरण में गाजियाबाद सदर सीट के मतदाता ज्यादा उत्साही नजर आए। इस सीट से पहले दो घंटे के दौरान ही 13.5 प्रतिशत मतदान हो चुका था। यूपी की सबसे बड़ी साहिबाबाद विधानसभा सीट पर पहले चरण में मात्र 9 प्रतिशत ही मतदान हो सका था। इस सीट पर मात्र 50.1 प्रतिशत ही मतदान हो सका था।
जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी द्वारा देर शाम मतदान का प्रतिशत जारी किया गया। इसमें गाजियाबाद की सभी विधानसभाओं में कुल मिलाकर 57.2 प्रतिशत मतदान हुआ था।
जबकि लोनी में 60.22, मुरादनगर में 61.26, साहिबाबाद में 50.1, गाजियाबाद सदर सीट पर 54.11, मोदीनगर में 66.07 और धौलाना आंशिक सीट पर कुल 64.24 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके साथ ही गाजियाबाद, साहिबाबाद, लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर सीटों पर चुनाव लड़ रहे 53 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया।
देर शाम सभी ईवीएम को गोविंदपुरम स्थित अनाजमंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया। ईवीएम की सुरक्षा पैरामिलट्री के हवाले की गई है।