लोनी। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में अज्ञात की हत्या कर ऑटो सहित जलाने के मामले में शव की शिनाख्त 48 घंटे बाद भी नहीं हुई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस की टीम घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी और डंप डाटा की मदद ले रही है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने अभी तक 50 से अधिक गुमशुदगी खंगाली हैं। मृतक का हुलिया नहीं पता चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चलेगा। पुलिस की टीम ऑटो चालक मालिक नवीन निवासी डाबर तालाब अल्वी नगर कॉलोनी को तलाश कर रही है। नवीन नशे का आदी था इसलिए परिजनों को भी उसका नहीं पता है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज नहीं कराई है। नवीन का फोन भी 6 जनवरी से बंद है। ऑटो में मिला शव नवीन का है या किसी और का इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की टीम रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस अभी तक 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। बता दें कि ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के खाली मैदान में बुधवार को ऑटो जला हुआ मिला था। ऑटो में अज्ञात का शव भी जला हुआ मिला था।