मोदीनगर। भोजपुर के गांव चुड़ियाला में चोर ने एक ही दिन में तीन ट्यूबवेलों से सामान चोरी किया है। किसानों ने आरोपी को सामान सहित रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव चुड़ियाला निवासी किसान शशिपाल के अनुसार रविवार शाम वह अन्य किसानाें संदीप, गजराज और मोहन आदि के साथ खेतों में घुसे आवारा पशुओं को खदेड़ने गए थे। जैसे ही वह ट्यूबवेल की तरफ पहुंचे तो वहां एक चोर सामान चोरी करता मिला। आरोपी किसानों को देखकर बाइक से भागने लगा। किसानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास दो बोरे मिले। बोरे में तीन ट्यूबवेलों से चोरी किया गया सामान था। मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने चोर की जमकर धुनाई कर दी। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शशिपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रवीण निवासी गांव खंजरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।