लोनी। राशिद अली गेट के अंदर अतिक्रमण की शिकायत के बाद बुधवार को अधिकारियों ने अभियान के तहत बुल्डोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। हालांकि इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
एसडीएम लोनी दीपक कुमार ने बताया कि लंबे समय से राशिद अली गेट के अंदर अतिक्रमण की शिकायत मिल रही थी। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने वीडियो डालकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद लोनी एसीपी सिद्धार्थ गौतम चारों थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान बिजली निगम, लोनी नगर पालिका और तहसील की टीम भी मौजूद रही। टीम ने अतिक्रमण के दौरान अवैध रूप से रखे गए सामान को भी जब्त किया गया। अतिक्रमण टीम देखकर दुकानदारों के हाथ पांव फूल गए। बुल्डोजर को देख दुकानदारों ने आनन-फानन अतिक्रमण वाली जगह में से अपना सामान हटाया। हालांकि कुछ लोगों के सामान को बुलडोजर से गिरा दिया गया। उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल ने कहा कि आगे भी अभियान जारी रहेगा। अतिक्रमण करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।