गाजियाबाद। धन, सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माने वाले अक्षय तृतीया को लेकर शहर में बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। इस अवसर को लेकर इलेक्ट्रॉनिक, सराफा, ऑटोमोबाइल और कपड़ों के बाजार में पहले से ही बुकिंग करा चुके लोग आज सामानों की डिलीवरी लेंगे। सराफा एसोसिएशन के अनुसार इस बार सराफा बाजार में करीब 50-60 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में 300 से अधिक लोग नए वाहनों की डिलीवरी लेंगे।
शहर के ज्वेलरी बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ती जा रही है। सोमवार को देर रात तक जेवरों की दुकानें खुल रहीं। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता ने बताया कि इस बार कीमती धातुओं के दाम ऊंचे होने के बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह है। समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष अक्षय तृतीया पर बिक्री में पिछले साल की तुलना में 75 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा रही है। गत वर्ष सराफा बाजार का कारोबार 200 करोड़ रुपये पहुंच गया था। इस बार में दामों में बढ़ोतरी की वजह से कम वजन के गहनों को पसंद किया जा रहा है। इसकी वजह से 50 से 60 करोड़ रुपये के व्यापार होने की ही उम्मीद है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी तेजी देखी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार में बड़ी साइज के टीवी, साइड बाई साइड रेफ्रिजरेटर, फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन और स्मार्ट एआई एसी की जोरदार मांग है। मई में गृह प्रवेश और शादियों को देखते हुए ग्राहक अक्षय तृतीया पर डिलीवरी ले रहे हैं। वाहनों की खरीदारी में भी खासा उत्साह है। ड्रीम हुंडई के प्रबंधक दिनेश त्यागी ने बताया कि सभी मॉडल रेडी स्टॉक में उपलब्ध हैं और बुकिंग का सिलसिला पिछले 10 दिनों से जारी है। आज उनके शोरूम से करीब 40 वाहनों की डिलीवरी दी जाएगी। इन ग्राहकों ने पहले से ही आज के दिन की डिलीवरी लेने के लिए बुकिंग करा दी थी।
निवेश के लिए आभूषणों की अधिक हो रही खरीददारी
मोहित गोयल ने बताया कि इस ग्राहकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। सोने और चांदी के लगातार दामों में हो रही बढ़ोतरी की वजह से लोग इसे निवेश के विकल्प के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। गत वर्ष की तुलना में इस बार अक्षय तृतीया पर 15 प्रतिशत दामों में बढ़ोतरी हुई है।