साहिबाबाद। दो दिनों से जहां गर्मी बढ़ी है वहीं बिजली ने लोगों को झटके देेने शुरू कर दिए हैं। उमस भरी गर्मी में बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार को कई इलाकों में चार से पांच घंटे की बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। कुछ जगहों पर हाई वोल्टेज के कारण उपकरण भी फुंक गए। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी हुई।
इंदिरापुरम में बृहस्पतिवार देर रात बिजली की लाइन में फॉल्ट आने की वजह से बिजली कटौती की समस्या रात के समय ज्यादा परेशान कर रही है। बृहस्पतिवार देर रात अभयखंड-1 में चार घंटे से अधिक समय तक फ्लक्चुएशन की समस्या रही। स्थानीय निवासी सुशील चौहान ने बताया कि हर 5-10 मिनट बाद वोल्टेज ऊपर-नीचे जा रहे थे। इस कारण नींद खुल गई। पड़ोसी के घर का पानी का मोटर फुंक गया और एसी भी खराब हो गया। सुबह शिकायत की लेकिन फिर भी समस्या बनी रही। इसके बाद उच्चाधिकारियों को बताया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर डाला जिसके बाद टीम आई और समस्या का समाधान किया। अभयखंड एचआईजी निवासी मीना भंडारी ने बताया कि रात के बाद दिन में भी समस्या हुई। सुबह होते ही लाइट गुल हो गई थी। इस कारण पानी भी नहीं भर पाए। इंद्रप्रस्था कॉलोनी में भी बृहस्पतिवार रात को करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। स्थानीय निवासी सतीश भारद्वाज का कहना है कि रात के समय की कटौती ने परेशान कर रखा है। स्थानीय निवासी मीना वर्मा ने कहा कि अधिकारी आश्वासन देते हैं और आए दिन टीम आकर कोई न कोई काम करती है लेकिन समस्या जस की तस है।
तुलसी निकेतन, भोपुरा, डिफेंस कॉलोनी, वसुंधरा, राजेंद्रनगर और बृज विहार समेत कई इलाकों में भी तीन घंटे तक बिजली गुल रही।
जोन तीन के मुख्य अभियंता दीपक अग्रवाल का कहना है कि अभयखंड-1 से शिकायत मिली थी। टीम भेजकर समस्या को दूर कर दिया गया।