प्रद्युम्न उपाध्याय
गाजियाबाद। इस बार गर्मी में पुराने शहर से लेकर हॉट सिटी समेत समूचा एनसीआर बिजली के अघोषित कटों से नहीं जूझेगा। योजना में 64 सब स्टेशन शुरू करके पश्चिमांचल की दिक्कत दूर करने की योजना है।
केंद्र सरकार की इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) में पांच नए सब-स्टेशन एक माह के अंदर काम करने लगेंगे। इसमें मोदीनगर के गदाना, वैशाली सेक्टर-6, बुलंदशहर के बीबी नगर, ककोड़ और नीम खेड़ा का सब-स्टेशन शामिल है।
आईपीडीएस योजना में देश का पहला 33/11 केवीए का सब-स्टेशन लोनी के बलरामनगर द्वितीय में शुरू हो गया है। पश्चिमांचल विद्युत निगम ने आईपीडीएस के इस सब-स्टेशन का काम दो साल की जगह रिकॉर्ड सात महीने में पूरा किया है।
आईपीडीएस योजना के अंतर्गत गाजियाबाद जोन में बनने वाले 27 नए सब-स्टेशन में से 23 का काम अंतिम चरणों में है। इसका जिम्मा लार्सन एंड ट्रूबो को दिया गया है। बाकी 21 सब-स्टेशन भी तीन माह के अंदर शुरू करने के पश्चिमांचल विद्युत निगम प्रयास कर रहा है।
आईपीडीएस योजना में केंद्र सरकार ने नगरीय और नगर पंचायत क्षेत्रों में नए सब-स्टेशन के निर्माण, मोडिफिकेशन सहित अन्य कार्य के लिए 32 हजार करोड़ का फंड निर्धारित किया है। इसमें में पश्चिमांचल विद्युत निगम को 65 नए सब-स्टेशन व अन्य कार्योें के लिए 1478 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
यूपीपीसीएस के चेयरमैन संजय अग्रवाल और पश्चिमांचल विद्युत निगम के एमडी अभिषेक प्रकाश के निर्देशन और गाजियाबाद जोन चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता की देखरेख में सभी सब-स्टेशन का कार्य किया जा रहा है।
गाजियाबाद जोन में नहीं रहेगी बिजली की किल्लत
पावर कारपोरेशन चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि लोनी बलरामनगर में दूसरा सब-स्टेशन शुरू होने से बलरामनगर, मुस्तफाबाद, प्रेमनगर, अशोक विहार, खन्ना नगर और लोनी बॉर्डर से जुड़े क्षेत्रों को लाभ होगा। आईपीडीएस में 23 नए सब-स्टेशन पर काम चल रहा है। उनके शुरू होते ही गाजियाबाद जोन में बिजली की जो थोड़ी बहुत समस्या है, वह भी खत्म हो जाएगी।