गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सब स्टेशन मोरटा पर तैनात अवर अभियंता ईश्वर चंद ने पिता-पुत्र पर हमला करने और हत्या की धमकी देने व सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है।
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सब स्टेशन मोरटा में तैनात अवर अभियंता ईश्वर चंद के मुताबिक 24 जुलाई 2026 के सुबह साढ़े नौ बजे लाइन स्टॉफ के साथ मोरटा गांव स्थित नाले पर रखे ट्रांसफर से जुड़ी एलटी लाइन की पेट्रोलिंग करने पहुंचे। इसी दौरान अमूल डेयरी के मालिक आशीष शर्मा और उनका बेटा उदित शर्मा मौके पर पहुंचे व बिजली बाधित होने का कारण पूछा। अवर अभियंता ने लाइन में फॉल्ट होने की बात कही और दुरुस्त कर जल्द आपूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दिया। आशीष शर्मा ने विरोध जताया कि उनका चार किलोवाट का बिजली कनेक्शन है और बिल नौ किलोवाट का भेज दिया गया। अवर अभियंता ने बिल संबंधी कार्य उनके कार्यक्षेत्र का न होने और वसुंधरा स्थित कार्यालय में संपर्क करने की बात कही। आरोप है कि दोनों पिता-पुत्र ने अवर अभियंता को जूनियर इंजीनियर बताकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाइन स्टॉफ रोहित, ललित कुमार, गंगाप्रसाद और आदित्य राज पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।