गाजियाबाद में लंबे समय से इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार अब खत्म हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल मंगलवार शाम 6 बजे कलक्ट्रेट से पांच इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर ई-बस सेवा शुरू करेंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है।
इस बस सेवा की शुरुआत को टाल दिया गया था, लेकिन सोमवार को आनन-फानन में मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने गाजियाबाद पहुंचकर डीएम, नगरायुक्त, आरएम रोडवेज समेत एसपीवी में शामिल अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बस सेवा को मंगलवार से शुरू करने का निर्णय लिया। पहले चरण में 15 बसों को शहर की सड़कों पर उतारने की योजना थी, लेकिन फिलहाल 5 बसों को रवाना करके ई-बस सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।
हालांकि, आम लोगों को बसों में सफर करने के लिए दो-चार दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। इन बसों के लिए अभी कंडक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। फिलहाल 5 बसों से शुरू होने वाली इस सिटी बसों के काफिले में जैसे-जैसे बसें उपलब्ध होती जाएंगी, वैसे-वैसे उन्हें रूटों पर उतार दिया जाएगा। अप्रैल तक शहर में 50 बसों को चलाने का लक्ष्य है। इनके लिए रूट भी निर्धारित कर लिए गए हैं। इस बसों को चार्ज करने के लिए अकबरपुर-बहरामपुर में डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाकर तैयार कर लिए गए हैं।
बसों की खासियत
28 सीटर ई-बसें लो-फ्लोर होंगी। वातानुकूलित बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पेनिक बटन भी होगा। इन पेनिक बटन को पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगे होंगे। इन बसों का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 40 रुपये होगा।
पहले चरण में इन चार रूटों पर चलेंगी बसें
रूट का नाम किलोमीटर यात्रा का समय
1. आनंद विहार से मुरादनगर तक वाया मोहननगर -- 25
-- 75 मिनट
2. आनंद विहार से एएलटी वाया मोहननगर -- 15
-- 45 मिनट
3. दिलशाद गार्डन से गोविंदपुरम वाया मोहननगर -- 17
-- 55 मिनट
4. टीला मोड़ से नया बस अड्डा वाया भोपुरा -- 13 -- 40 मिनट
पांच बसों के साथ ई-बस सेवा का शुभारंभ मंगलवार से शुरू किया जाएगा। इन बसों को नेहरू नगर से हरी झंडी दिखाई जाएगी। बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। -
एके सिंह, आरएम रोडवेज व सीईओ एसपीवी