लखनऊ में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने चुटकी ली। शीला दीक्षित को सीएम पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री कभी नहीं बन पाएंगे।
‘बुजुर्ग महिला’ को परेशान करने की बजाय राहुल खुद उत्तर प्रदेश में सीएम प्रत्याशी बनकर किस्मत आजमाएं। प्रदेश के चर्चित दयाशंकर सिंह के मामले में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ता के परिवार के साथ पहले भी थी और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य मेयर अशु वर्मा के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने शनिवार दोपहर राजनगर स्थित महापौर के आवास पर पहुंचे थे। मेयर अशु वर्मा उनके भाई राजा वर्मा व परिवार के लोगों से मुलाकात कर वह करीब 20 मिनट बाद रवाना हो गए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘27 साल, यूपी बेहाल’ का नारा दे रही है, लेकिन वह बताए कि 60 साल राज करके उन्होंने देश को कितना बेहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त बन रहा है। अब यूपी को सपा-बसपा से मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह को विधानसभा टिकट देने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि न तो स्वाति ने टिकट मांगा है और न ही पार्टी ने उन्हें टिकट ऑफर किया है।
उन्होंने बसपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि मायावती दलितों के वोटों की विक्रेता हैं, उन्हें नीलाम करती हैं। बसपा में अब भगदड़ मची हुई है।
गाजियाबाद में हज हाउस के विरोध पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार एक समुदाय विशेष को खुश करने के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन बिल्डिंग को सभी धर्मों के लिए प्रयोग किया जाना गलत नहीं होगा।
हज के समय पर वह हाजियों के लिए और कांवड़ व कैलाश मानसरोवर यात्रा के समय पर उनके लिए इस्तेमाल की जाए। उन्होंने कहा कि वह जगह किसी महायोजना में भी हज हाउस के नाम पर नहीं दर्शायी गई है। भाजपाइयों की मांग जायज है।