मसूरी। क्षेत्रांतर्गत गांव में झगड़ा शांत कराने गए बुजुर्ग दंपती पर पड़ोसियों का जानलेवा कर दिया। इससे दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मसूरी क्षेत्र के ग्राम कुशलिया निवासी राजकुमार के मुताबिक 15 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे उनके पड़ौसी गुड्डू, शिवा और गौतम आपस में लड़ रहे थे। राजकुमार ने बुजुर्ग होने के नाते उन्हें समझाने और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। इस बात से आक्रोशित होकर तीनों आरोपियों ने एकजुट होकर राजकुमार के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने राजकुमार और उनकी पत्नी निर्मला पर लाठी, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इससे दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तब हमलावर वहां से भागे और जाते समय आरोपियों ने गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर गोली मारने व जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पीड़ित बुजुर्ग राजकुमार ने मसूरी पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसीपी मसूरी के अनुसार पीड़ित की शिकायत के आधार पर ग्राम कुशलिया निवासी गुड्डू, शिवा व गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
...