गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को आठ क्विंटल 65 किलो बदबूदार पनीर नष्ट कराया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों से मिठाइयों और नमकीन के 12 मनूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए। रविवार को भी विभाग की तरफ से मेवात हरियाणा से लाए जा रहे 500 किलो पनीर को नष्ट कराया गया था। यह पनीर पुराने बस अड्डे स्थित पनीर भंडार पर लाया गया था।
सहायक खाद्य आयुक्त डॉ.अरविंद यादव ने बताया कि यह पनीर दो पिकअप से लाया जा रहा था। सूचना के बाद जब पनीर की जांच की गई तो यह अस्वच्छ तरीके से रखा गया था और इसमें से बदबू आ रही थी। इसके बाद पनीर के दो नमूने लिए गए और बदबू आने के कारण पूरे पनीर को नष्ट कराया दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत-1,73,000 रुपये थी। इसका निस्तारण नगर निगम के भीखनपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड में कराया गया।
इसके अलावा अन्य स्थानों जैसे निवाड़ी रोड मोदीनगर से कोकोनट पेड़ा के नमूने और शिव जंक्शन से कलाकंद के नमूने लिए गए। इंदिरापुरम शक्तिखंड-3 से कोकोनट बर्फी, बादाम घी लड्डू, आटा गोंद घी लड्डू, काजू कतली और मोतीचूर लड्डू का नमूना लिया गया। सिहानीगेट से रसगुल्ला, दिलशाद गार्डन एक्सटेंशन-2 से कलाकंद और छेना रसगुल्ला, गारिमा गार्डन से नमकीन और अन्य दुकानों से पनीर का नमूना लिया गया। सभी जगहों से कुल 12 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।