शासन के आदेशानुसार जिले में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में 30 स्कूल अवैध रूप से चलते मिले हैं। इसके बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव का कहना है कि अभी सभी खंड शिक्षा अधिकारी सभी ब्लॉकों में जांच कर रहे हैं। बिना मान्यता के किसी भी स्कूल को चलने नहीं दिया जाएगा। अगर स्कूल मनमानी करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड, यूपी बोर्ड सहित सभी प्रकार के स्कूलों की जांच की जा रही है। अभी 30 अवैध मिले हैं।
माध्यमिक के भी तीन स्कूल मिले बिना मान्यता के संचालित
जिले में माध्यमिक के भी तीन स्कूल बिना मान्यता के संचालित मिले। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने शुक्रवार को तीनों स्कूलों को नोटिस जारी किया। उनका कहना है कि यह स्कूल निरीक्षण में बिना मान्यता के चलते पाए गए हैं। उधर शहर में अवैध रूप से चल रही कोचिंग सेंटरों की लिस्ट बनाई जा रही है। पंजीकरण नहीं कराने वालों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।