यूपी पुलिस के एक सिपाही और फॉलोअर ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर नशे में जमकर हंगामा किया। एटा में तैनात सिपाही व फॉलोअर ने पहले एंट्री गेट के पास स्कैनर पर बवाल काटा और फिर प्लेटफार्म नंबर 1-2 पर स्टॉल संचालक उमेश चंद से गाली-गलौच की।
दुकानदार के विरोध करने पर वर्दी का रौब दिखाते हुए दोनों ने उसे जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची आरपीएफ-जीआरपी ने सिपाही और फॉलोअर को हिरासत में ले लिया। दुकानदार की तहरीर पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एटा पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही जसवीर मेरठ का और फॉलोअर राहुल बागपत का रहने वाला है। जीआरपी के मुताबिक दोनों एटा से छुट्टी लेकर घर जा रहे थे। गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंचकर उन्होंने जमकर शराब पी और फिर हंगामा शुरू कर दिया। पहले स्कैनर के पास आरपीएफ स्टाफ व लोगों से बदसलूकी की और प्लेटफार्म पर पहुंचकर खाने की स्टॉल संचालक उमेश चंद से गाली-गलौच करने लगे। उमेश ने उनका विरोध किया तो दोनों ने उसकी जमकर पिटाई की।
सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ पहुंचा तो नशे में धुत सिपाही और फॉलोअर ने वर्दी की धौंस दिखाकर उनसे भी बदसलूकी की। इस पर उन्हें जबरन पकड़कर जीआरपी थाने लाया गया। जीआरपी थाना प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि हंगामा कर रहे सिपाही जसवीर और फॉलोअर राहुल के खिलाफ स्टॉल संचालक की तहरीर पर शांति भंग करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।