गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल में शराब पीकर ड्यूटी पर आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार की रात एक बार फिर ऐसा मामला देखने को मिला, जब संविदा पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक शराब के नशे में इमरजेंसी विभाग में पहुंच गया और वहां हंगामा करने लगा। अस्पताल स्टाफ के अनुसार, दीपक की उस दिन ड्यूटी नहीं थी, इसके बावजूद वह नशे की हालत में इमरजेंसी कक्ष में घुस गया और ड्यूटी पर मौजूद एक अन्य ऑपरेटर से बदसलूकी करने लगा।
घटना के दौरान मौजूद एक कर्मचारी ने पूरी स्थिति का वीडियो बनाकर अस्पताल प्रबंधन को भेज दिया। सूचना मिलते ही सीएमएस डॉ. राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और तुरंत दीपक को इमरजेंसी से हटाने के निर्देश दिए। सीएमएस के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब दीपक ने शराब पीकर अस्पताल परिसर में उपद्रव किया हो। इससे पहले भी वह कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है। एक मौके पर तो इमरजेंसी से सटे मलेरिया विभाग की दीवार का हिस्सा भी उसने क्षतिग्रस्त कर दिया था। हर बार वह माफी मांगकर बच निकलता था।
शनिवार सुबह दीपक शपथपत्र लेकर कार्यालय पहुंचा, जिसमें उसने दोबारा ऐसी गलती न करने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके, लगातार मिल रही शिकायतों और उसकी हरकतों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उसे संविदा ड्यूटी से हटाने का निर्णय लिया। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि इमरजेंसी जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह का व्यवहार न सिर्फ व्यवस्था को बाधित करता है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करता है।