गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल के सुलभ शौचालय में नशे के इंजेक्शन और 10-10 एमएल की 10-15 खाली वायल के विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। शुक्रवार को इस मामले में जब सीएमएस से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया नशे के इंजेक्शन और दवाओं की शिकायत मिली थी। शौचालय में बाहरी लोग इस तरह की गतिविधियां करते हैं। इन शिकायतों के बाद अब अस्पताल को इस गेट को दोपहर बाद से बिल्कुल बंद कर दिया गया है। साथ ही निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
एमएमजी अस्पताल के गेट नंबर- 2 के पास सुलभ शौचालय बना हुआ है। इसका इस्तेमाल मरीजों और तीमारदार के अलावा बाहरी लोग भी करते हैं। इस शौचालय के रोशनदान और आसपास से पेनरामाइनमिलिएट इंजेक्शन की खाली वायल और सिरिंज मिले हैं। चिकित्सकों का कहना है कि यह इंजेक्शन आमतौर पर एलर्जी, खुजली, दवा रिएक्शन के बाद चिकित्सकीय सलाह के बाद दी जाती है। बिना चिकित्सीय सलाह और डाक्टर के पर्चे के नहीं खरीदा जा सकता है। सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि यह दवाएं अस्पताल में उपलब्ध नहीं है और शंका है कि बाहरी लोग इन दवाओं का इस्तेमाल नशे के लिए कर रहे हैं। इन दवाओं को खरीदने के लिए डॉक्टर के पर्चे के साथ आधार कार्ड भी देना जरूरी होता है।