इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र के रहने वाले चिकित्सक दंपती को उन्हीं की एडिट न्यूड फोटो भेजकर ठग गिरोह के लोगों ने 25 हजार रुपयों की मांग की। रुपये देने के लिए आरोपियों ने चिकित्सक को अभयखंड बुलाया। यहां पहुंचते ही गिरोह के तीन-चार लोगों ने उन्हें घेरा और उनसे 35 हजार रुपये छीनकर भाग गए। मामला 15 दिसंबर का है और पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 21 दिसंबर की रात नई दिल्ली के कालकाजी स्थित गोविंद पुर निवासी विनोद और विजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज मामले में चिकित्सक ने बताया कि वह बाल रोग विशेषज्ञ हैं। 15 दिसंबर को वह अपने क्लीनिक पर मरीज देख रहे थे। तभी उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। बात कर रहे व्यक्ति ने उनसे व्हाट्सएप पर मैसेज देखने की बात कही और कॉल काट दी। बताया कि आरोपी ने व्हाट्सएप पर उनकी व उनकी पत्नी के न्यूड फोटो भेजे थे जो फोटोशॉप से एडिट किए गए थे और सभी फोटो फेसबुक से लिए गए थे। आरोपी ने दोबारा कॉल की और फोटो वायरल करने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की मांग की। जब उन्होंने मना किया तब आरोपी ने रकम घटाकर पहले 20,000 और फिर 5000 रुपये पर बात तय हुई। रुपये देने के लिए ठगों ने उन्हें अभयखंड बुलाया। जब वह वहां पहुंचे तब एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। एक युवती गाड़ी से बाहर निकली और उनका नाम पूछकर पहचान की। इसके बाद 5000 रुपये मांगे। आरोप है कि जब वह जेब से रुपये निकालने लगे तभी एक तीसरी कार वहां आकर रुकी और उसमें से दो-तीन लोग उतरे। सभी एक साथ उनपर हमला करते हुए 35000 रुपये छीनकर भाग गए। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। पुलिस ने कार के नंबर से ट्रेस किया और मालिक का पता लगाया। गिरफ्तारी के लिए जब वह कार के मालिक विनोद के घर नई दिल्ली गए तब वह घर पर नहीं मिला। वहीं गाड़ी की लोकेशन के आधार पर पुलिस गाजीपुर पहुंची लेकिन गाड़ी भी नहीं मिली।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि गैंग को ट्रेस कर लिया गया है। कुछ मुख्य सुराग हाथ लगे हैं। थाना पुलिस व एसओजी टीम दबिश के लिए भेजी गई है। जल्द ही गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।