डीएम ने अपने गोद लिए सुल्तानपुर गांव से बुधवार को हौसला पोषण योजना और फीडिंग कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। योजना के अनुसार गर्भवती महिलाओं और बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पर पौष्टिक आहार मिलेगा।
इसके अलावा अति कुपोषित बच्चों को खाने के साथ आधा किलो घी भी मिलेगा। इस मौके डीएम ने गांव में पौधरोपण भी किया। डीएम निधि केसरवानी ने कहा कि हौसला पोषण योजना और फीडिंग कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं और बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र से मानक के अनुसार पौष्टिक आहार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चे गरीब परिवार में नहीं बल्कि किसी भी परिवार में हो सकते है। छह माह से प्रत्येक बच्चे को दूध से अलग तरल पदार्थ देना भी आवश्यक है। मानक अनुसार पौष्टिक आहार नहीं मिलने पर बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास ठीक से नहीं हो पाता है।
उन्होंने कहा कि आयरन की गोली खाने से गर्भवती महिलाओं के बच्चों का पूरी तरह विकास होता है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र पर आना होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की जांच की जा सके।
प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों के लिए आयरन सिरप आसानी से मिल सकेगा। डीएम निधि केसरवानी ने कहा कि पूरी तरह खुले में शौच मुक्त होने पर सुल्तानपुर गांव आदर्श गांव बन सकेगा। जहां स्वच्छता होती है, वहां स्वास्थ्य भी अच्छा होता है, भगवान और लक्ष्मी स्वच्छता में निवास करते है।
डीएम ने कहा कि बुधवार से हौसला पोषण योजना जनपद में लागू हो गई है। अति कुपोषित बच्चों को पोषित बनाने के लिए आधा किलो देशी घी, मानक और मैन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार दिया जायेगा।
सुल्तानपुर गांव में 26 महिलायें गर्भवती और चार बच्चे अति कुपोषित है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि योजना के अंतर्गत दिये जाने वाले पौष्टिक आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाये।
कार्यक्रम का संचालक अजय चौधरी गांव प्रधान ने किया। देवेंद्र, मनवीर, मदनपाल, आकाश, ओमवीर, आदित्य चौधरी, रविंद्र, शीशपाल, नवीन समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
गर्भवती महिलाओं को परोसा आहार
डीएम निधि केसरवानी ने स्वयं अपने हाथ से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार खिलाकर हौसला पोषण योजना और फीडिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डीएम ने गांव में पौधरोपण भी किया। मोदीनगर एसडीएम अतुल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेष कुमार, डा.सूर्यांशु ओझा आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में देरी से पहुंचे एसडीएम
डीएम निधि केसरवानी समय अनुसार बुधवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे सुल्तानपुर गांव पहुंच गईं। उनके अधिनस्थ अधिकारी एसडीएम मोदीनगर अतुल कुमार और जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेष कुमार उनके आधे घंटे बाद कार्यक्रम में पहुंचे। यह ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना रहा।
मानेदय बढ़ाने की मांग की
डीएम से मिलकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपना मानदेय बढ़ाने की मांग की। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांग के प्रति गंभीर है।
गाजियाबाद में चल रही नाइट पेट्रोलिंग: डीएम
बुलंदशहर में हुई मां-बेटी से दुष्कर्म की वारदात के बाद अब जनपद में दिन और रात पुलिस हाईवे पर पेट्रोलिंग करती नजर आयेगी। डीएम के निर्देश पर गाजियाबाद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की पिछले दो दिनों से नाइट पेट्रोलिंग चल रही है।
डीएम निधि केसरवानी ने बताया कि पुलिस प्रशासन को नाइट पेट्रोलिंग की कड़े निर्देश दिये गये है। दो दिन के भीतर अराजक तत्व किस्म के 44 लोगों को गिरफ्तार कर किया गया है। पुलिस और प्रशासन को रात्रि 9 से सुबह तीन बजे तक पेट्रोलिंग के कड़े निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध अराजक तत्वों को 151 की धारा में पकड़ कर जेल भेजा जायेगा। वहीं उन्होंने शराबी ड्राइवरों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं कि शराब पीकर गाड़ी चलाने पर चालान कर डीएल रद्द किये जाएं