गाजियाबाद। सरकारी विभागों में सक्रिय दलालों पर अब सीधे एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को आदेश जारी किया है कि जिस भी सरकारी विभाग में कोई अनाधिकृत व्यक्ति या दलाल दिखाई दे उस पर तत्काल एफआईआर कराई जाए।
उन्होंने कहा कि संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, तहसीलों, कलक्ट्रेट, नगर निगम, चिकित्सा-विभाग, शिक्षा-विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य विभागों में ड्राइविंग लाइसेंस, विकलांग पेंशन, विधवा पेंशन, छात्रवृत्ति, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्र, शस्त्र लाइसेंस, राशन कार्ड, आबकारी लाइसेंस, फूड एवं ड्रग लाइसेंस, खनन लाइसेंस, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दलाल सक्रिय हैं। वह लोगों को झूठा आश्वासन देकर लाइसेंस बनाने के लिए अवैध धन की मांग करते हैं। इससे सरकारी विभागों की छवि धूमिल हो रही है। इसलिए इन पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने आम जनता सभी अपील की है कि वह कोई भी कार्य दलालों के जरिये न कराकर सीधे विभाग में आवेदन कर कार्य कराएं।