गाजियाबाद। शहर में दौड़ रहे ई रिक्शा की खामियों को उजागर करते हुए अमर उजाला के अभियान को जिलाधिकारी ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने सभी जिम्मेदार विभागों को ई रिक्शों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला में लगातार प्रकाशित खबरों में बिना पंजीकरण व बेतरतीब चल रहे ई रिक्शा और अधिकारियों की अनदेखी, जहां कहीं भी ई रिक्शों को खड़ा करने व सवारी बैठाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ की ओर से जारी आदेश में कहां गया है कि शहर में दौड़ रहे ई रिक्शों के संचालन के लिए पार्किंग की व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा, जिससे सड़क किनारे ये सवारियों को न भरें। शहर के प्रमुख बाजारों के बाहर बेतरतीब खड़े होने वाले ई रिक्शों पर नियंत्रण लगाने के लिए सभी विभागों को कहा गया है। ताकि शहर वासियों को जाम से न जूझना पड़े। इस संदर्भ में आरटीओ प्रमोद सिंह ने बताया कि ई रिक्शा को व्यवस्थित करने के लिए संभागीय परिवहन विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।