गांव नंगौला अमीपुर में आसिफ और फुरकान पास पड़ोस में रहते है। युवती सायदा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उनके भाई आसिफ की दो वर्षीय पुत्री अनाया घर के आंगन में खेल रही थी। बच्ची खेलते हुए पड़ोसी के यहां पहुंच गई और उसने वहां से फूल तोड़ लिया। इससे गुस्साए पड़ोसी की पत्नी ने बच्ची अनाया को धक्का देकर गिरा दिया और उसकी पिटाई कर दी। बच्ची के रोने के आवाज सुनकर सायदा अपनी भतीजी रिजा के साथ पड़ोसी के यहां पहुंची और घटना का विरोध जताया। गुस्साए आरोपियों ने उनकी भी पिटाई की। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग सरिया, फावड़ा और लाठी-डंडों से लैस होकर आफिस के घर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की। आरोपियों ने परिवार को बुरी तरह पीटा और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी आरोपी मारपीट करते रहे। पुलिस ने सख्ती कर आरोपियों को वहां से खदेड़ा।
हमले में आसिफ पक्ष की सायदा,समरीन,आरिफ,अयाज,रिजा,सलमान और बच्ची अनाया घायल हो गई। घायलों को मोदीनगर सीएचसी भेजा गया। वहां से गंभीर हालत के चलते अयाज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सायदा ने भोजपुर थाने में घटना की तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।