लोनी। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में डंडा मारकर साथी की हत्या करने के आरोपी शहाजहांपुर के बहादुरगंज तिलहर निवासी नरेंद्र कुमार को ट्रोनिका सिटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी की निशानदेही पर पुलिस ने डंडा भी बरामद किया है। इससे पूर्व परिजन ने हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि 20 अगस्त को कृष्ण मुरारी प्रसाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी नरेंद्र कुमार ने उनके पिता दिलीप कुमार के साथ डंडे से मारपीट की थी। उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। थाना ट्रोनिका सिटी ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। 21 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नरेंद्र कुमार (24) को सालवान स्कूल के पास, रामपार्क चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में राम पार्क स्थित एक होटल पर काम करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और हत्या की रात उसने दिलीप कुमार के साथ शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि आवेश में आकर उसने डंडे से दिलीप कुमार के सीने, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिए। दिलीप के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी डर के कारण डंडा लेकर मौके से भाग गया था।