इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप अब आपकी फैक्ट्री या घर पर अब डीजल की होम डिलीवरी भी देंगे। यह व्यवस्था एक माह के अंदर लागू हो जाएगी। खास बात यह है कि उद्यमियों व बड़े कारोबारियों के अलावा अधिक डीजल की खपत करने वालों को होम डिलीवरी की जाएगी। कंपनी इस योजना के लिए डिलीवरी स्लैब भी बना रही है।
गाजियाबाद पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव बृज मोहन सिंघल ने बताया कि होम डिलीवरी योजना के तहत डीजल की अधिक खपत करने वाले उद्यमियों और बड़े कारोबारियों को लाभ होगा। होम डिलीवरी के एवज में लिए जाने वाले शुल्क का निर्धारण भी जल्द ही कर लिया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि गाजियाबाद औद्योगिक क्षेत्र हैं, ऐसे में यहां योजना के सफल होने की पूरी उम्मीद है।
डीजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। एक फोन कॉल पर डीजल पहुंचाया जाएगा।
इंडियन ऑयल ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों व मालिकों को दी ट्रेनिंग
गाजियाबाद। केंद्र सरकार अब प्रतिदिन पेट्रोल व डीजल की कीमतें निर्धारित करेगी। यह कीमतें तेल के अंतर्राष्ट्रीय बाजार के मुताबिक तय होंगी। बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंप मालिकों व कर्मचारियों को इस बारे में ट्रेनिंग दी गई। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें प्रतिदिन सुबह छह बजे बदलेंगी।
शुक्रवार को नई कीमतें तय होगी। इसी के अनुसार ग्राहकों को पेट्रोल व डीजल दिया जाएगा। पेट्रोल पंपों पर प्रतिदिन की यह कीमतें डिसप्ले बोर्ड पर अंकित होंगी। इसके साथ ही कंप्यूटर पर भी अपलोड की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पंप कर्मी इस बारे में ग्राहकों को भी बताएंगे। सुबह तेल की कीमतें तय करने का निर्णय लिए जाने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई।