पुलिस कर्मियों को 10 दिन में एक दिन का ऑफ देने संबंधी आदेश गाजियाबाद पुलिस कार्यालय पहुंच गया है। आदेश के तहत सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक (24 घंटे) का ऑफ मिलेगा।
इस छुट्टी को सीएल, ईएल या मेडिकल लीव में काउंट नहीं किया जाएगा।
आदेश में डीजीपी ने लिखा है कि थानों-चौकियों में नियुक्त पुलिसकर्मियों द्वारा प्रतिदिन लंबी और अनियमित अवधि की ड्यूटी के कारण वह शारीरिक और मानसिक तनाव में रहते हैं। लिहाजा उन्हें एक दिन का रेस्ट (ऑफ ड्यूटी) देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी कर्मचारियों का रोस्टर बनाया जाएगा।
रोस्टर के अनुसार उन्हें बारी-बारी से ड्यूटी ऑफ दिया जाएगा। पुलिस अधिकारी समय-समय पर रोस्टर चेक करेंगे। एक सितंबर से इसे लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की थी।
बड़े पैमाने पर होंगे पुलिसकर्मियों के तबादले
गाजियाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लंबे समय से जमे पुलिसकर्मियों के तबादलों के सूची तैयार की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के तबादले होंगे, जिनमें कई थानेदार भी शामिल हैं। बता दें कि स्थानांतरित किए गए 104 पुलिसकर्मियों को अभी तक रिलीव किया जा चुका है।