मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रसेवे पर भोजपुर टोल प्लाजा से आगे चारधाम यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की टैक्सी सोमवार सुबह अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार पुणे निवासी 80 वर्षीय श्रद्धालु की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के पुणे निवासी 80 वर्षीय चंद्रकांत अपनी 75 वर्षीय रिश्तेदार के साथ कुछ दिन पूर्व चारधाम की यात्रा पर गए थे। सोमवार को उनकी पुणे की फ्लाइट थी। चंद्रकांत ने दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए हरिद्वार से ऑनलाइन कैब बुक की। जनपद शामली निवासी कैब चालक उमर उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट लेकर जा रहा था। वहीं, कार भोजपुर टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर अनियंत्रित हो गई और अज्ञात वाहन से जा टकरा गई। एक्सप्रेसवे की राहत बचाव टीम तीनों को उपचार के लिए मोदीनगर सीएचसी ले गई। वहां चिकित्सक ने वृद्ध चंद्रकांत को मृत घोषित कर दिया। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि मृतक के परिजन को मामले की सूचना दे दी गई है। वह मोदीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।