मोदीनगर। भोजपुर क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता को एक सिरफिरा पिछले दस महीने से अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। संबंध बनाने का दबाव बना रहा है और बात न मानने पर रिश्तेदारों व भाइयों को भी अश्लील मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर विवाहिता ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसके आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हुई।
पीड़िता के अनुसार उसके दो मोबाइल नंबर हैं। आरोप है कि जनवरी से एक व्यक्ति अश्लील मैसेज भेजकर संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। भोजपुर थाने में शिकायत करने पर पुलिस टालती रही। कार्रवाई न होने से आरोपी का हौसला बढ़ गया और उसने पीड़िता के भाइयों व रिश्तेदारों को भी मैसेज भेजने शुरू कर दिए। अगवा कर जान से मारने की धमकी से परिवार दहशत में है।
एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर के जरिए आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।