गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का काम अब दिसंबर तक पूरा करना होगा। रविवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्माण की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को समयसीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी।
रविवार दोपहर 1:20 बजे अस्पताल पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले इमरजेंसी का निरीक्षण किया। यहां डॉ. मुकेश के साथ मरीजों से बातचीत कर इलाज की स्थिति जानी। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें बाहर से दवाएं तो नहीं खरीदनी पड़ रही हैं और इलाज के बदले किसी डॉक्टर या कर्मचारी ने पैसे तो नहीं मांगे।
फायर फाइटिंग सिस्टम मानकों के अनुरूप लगाने के निर्देश
इसके बाद उप मुख्यमंत्री निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट पहुंचे। यहां प्रथम तल पर टाइल्स लगाने के काम में देरी और निर्माण की धीमी रफ्तार देखकर नाराजगी जताई। यूनिट का नक्शा टेक्निकल टीम से समझने के बाद उन्होंने फायर फाइटिंग सिस्टम को मानकों के अनुरूप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही फर्श समतल रखने और लिफ्ट व फॉल्स सीलिंग का काम सावधानी से कराने के निर्देश दिए। यूनिट के आसपास बाउंड्री बनाने के भी निर्देश दिए। निर्माण में देरी के संबंध में बजट जारी नहीं होने के कारण कई महीने काम बंद रहने की जानकारी भी सामने आई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट जारी हो चुका है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए दिए निर्देश
अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी निरीक्षण के दौरान उठा। उपमुख्यमंत्री ने सीएमओ डॉ. सचिन वैश्य को वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट और बर्न स्पेशलिस्ट की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनसीआर में किसी डॉक्टर के तबादले का मामला उनके संज्ञान में आएगा तो अस्पताल में तैनाती कराने का प्रयास करेंगे। अस्पताल की बिल्डिंग का काम पूरा होने के बाद एमआरआई मशीन भी शुरू कराने के निर्देश दिए।
पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत कराने के लिए कहा
अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की स्थिति का भी उप मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। उन्होंने सीएमएस डॉ. राकेश कुमार से कहा कि जिस बिल्डिंग को तोड़ा नहीं जाना है, उसकी मरम्मत कराई जाए। साथ ही प्लास्टर का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
-
10 महीने पहले भी दिए थे निर्देश, अब तक इंतजार
जनवरी 2026 में भी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने और एमआरआई मशीन लगाने का भरोसा दिया था। सीएमओ और सीएमएस से रिक्त पदों की जानकारी भी मांगी गई थी। स्वास्थ्य विभाग के पूर्व सांख्यिकी अधिकारी राजकुमार सिंह के मुताबिक, कई बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो सकी। एमआरआई मशीन भी अब तक अस्पताल में नहीं पहुंची है। राजकुमार सिंह का कहना है कि लगातार निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर नहीं होना स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।