ब्रिज विहार के नाले में उतरकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हेमंत भारद्वाज । संवाद
साहिबाबाद। बृज विहार इलाके में रविवार सुबह नगर निगम की अनदेखी के खिलाफ स्थानीय निवासी हेमंत भारद्वाज ने नाले में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब सात बजे वह हाथों में पोस्टर लेकर नाले में उतरे और निगम के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि इलाके में लंबे समय से कई समस्याएं हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा।
हेमंत भारद्वाज ने बताया कि फल वाटिका क्षेत्र में लगे पांच स्ट्रीट लाइट पोल्स पर 40 वॉट की एलईडी लाइटें लगी हैं, जो ठीक से काम नहीं कर रहीं। जनसुनवाई पोर्टल और प्रधानमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इसके अलावा पास से ही गुजर रहे नाले से निकलने वाली हानिकारक गैसों के कारण आसपास के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नाले के दिवार को ऊंची कराते हुए उसकी सफाई कराई जाए। इसके अलावा नाले को कवर कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक काम शुरू नहीं होगा, हर रविवार इसी तरह विरोध जारी रहेगा।
वहीं, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि नाले को मानक के अनुरूप तैयार किया गया है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। अगर कहीं समस्या होगी तो उसे दूर कराया जाएगा।