मोदीनगर। ऊर्जा निगम की ओर से हापुड़ मार्ग पर खोदा गया गड्ढा। संवाद
मोदीनगर। नगर के हापड़ मार्ग पर गांव गदाना स्थित गोशाला के सामने पोल शिफ्टिंग के लिए ऊर्जा निगम ने लगभग दस फीट गहरा गड्ढा खोद दिया। मगर चार दिन बाद भी न तो पोल शिफ्ट हुआ और न गहरे गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई। इससे लोगों को हादसा के डर सता रहा है।
लोक निर्माण विभाग मोदीनगर - हापुड़ मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य कर रहा है। मार्ग चौड़ीकरण के कारण विद्युत पोल शिफ्ट किए जा रहे हैं। गांव गदाना के रहने वाले अमरपाल और संदीप ने बताया कि ऊर्जा निगम में हापुड़ मार्ग स्थित गोशाला के समीप पोल शिफ्ट करने के लिए लगभग दस फीट गहरा गड्ढा खोद दिया। गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई और न पोल शिफ्ट किया गया। इस वजह से हमेशा हादसे की चिंता बनी रहती है। ऊर्जा निगम ने नोएडा और गाजियाबाद में गड्ढाें के कारण हुए हादसों से भी कोई सबक नहीं लिया। आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम शायद मोदीनगर में भी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने तत्काल गड्ढा भरने या बैरिकेडिंग करने की मांग की। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने बताया कि पोल शिफ्टिंग के लिए गड्ढा खोदा गया है। इसके लिए सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए थी। शीघ्र ही पोल शिफ्ट होगा या फिर गड्ढा भरवा दिया जाएगा।