गाजियाबाद। गाय की संदिग्ध रेबीज से मौत के बाद दूध पीने वाले परिवार के लोगों में संक्रमण का डर सताने लगा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते बृहस्पतिवार को मोरटा निवासी एक परिवार के चार सदस्य संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे और एहतियातन एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। परिवार के लोगों का कहना है कि गाय का दूध संयुक्त परिवार के 12 से 15 सदस्य पीते थे। ऐसे में सभी को अपनी सेहत की चिंता सता रही है।
मोरटा निवासी पंकज लाल पांडेय ने बताया कि उनका परिवार किसी काम से मिर्जापुर स्थित बड़े भाई के घर गया था। उनके बड़े भाई गाय पालते हैं। करीब 15 दिन पहले गाय को किसी कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद गाय के मुंह से लगातार लार गिरने लगी और वह लोगों पर हमला करने लगी। कई दिनों तक परेशानी बनी रहने पर पशु चिकित्सक को दिखाया गया। पंकज के अनुसार पशु चिकित्सक ने जांच के बाद आशंका जताई कि गाय को किसी कुत्ते ने काटा है या उसने कोई जहरीली चीज खा ली है। लक्षणों के आधार पर गाय में रेबीज होने की आशंका भी जताई गई थी। कुछ दिन पहले गाय की मौत हो गई। इसके बाद से परिवार के लोग डरे हुए हैं। पंकज ने बताया कि गाय का दूध परिवार के 12 से 15 सदस्य पीते थे। गाय की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चिंता बढ़ गई। इसी के चलते बृहस्पतिवार को परिवार के चार सदस्य संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे और एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई।