गाजियाबाद। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने सेक्टर अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण और वल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य गंभीरता से करने के निर्देश दिए। पांच नवंबर को आयोजित प्रशिक्षण-सह-ब्रीफिंग बैठक में प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने और देरी से पहुंचने वाले अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर भवन की स्थिति, सुविधाओं और वहां तक पहुंचने वाले मुख्य व वैकल्पिक मार्गों का सत्यापन करें। वल्नरेबिलिटी मैपिंग के तहत संवेदनशील गांवों और मोहल्लों का भ्रमण कर ऐसे व्यक्तियों और कारकों की पहचान करें, जिनसे मतदाताओं पर भय या दबाव बनाए जाने की आशंका हो। इसके लिए सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त भ्रमण करने को कहा गया।
विज्ञापन
उन्होंने प्रत्येक सेक्टर अधिकारी को अपने अधीन 11 से 12 बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने और घर-घर सर्वे के माध्यम से पात्र मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। साथ ही छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित कर उनका नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।
अधिकारियों को दैनिक डायरी में क्षेत्रीय भ्रमण, बीएलओ से बातचीत और घरों के सत्यापन का ब्योरा दर्ज करना होगा। बैठक में इलेक्टोरल सर्च पोर्टल और संबंधित एप के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।