किसी ने बताया कि अनस नाले के पास खेल रहा था, हो सकता है कि नाले में गिर गया हो। शाम को कीचड़ से भरे नाले में कुछ लोगों ने उसकी तलाश की। करीब एक घंटे तक तलाशने के बाद 7.30 बजे अनस का शव नाले से निकाला गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कॉलोनी के लोगों में गुस्सा फूट गया, लोगों ने अनस का शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि आबादी के बीच से खुला नाला है। लोग काफी समय से नाले को कवर करने की मांग करते आ रहे है।
हंगामा होने की सूचना पर एसओ सतीश कुमार मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की। लेेकिन कॉलोनी के लोग अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मोदीनगर एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने नाले में गिरकर बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार को भेजा। बताया कि प्रशासन की तरफ से पीडि़त परिवार की हर सम्भव मदद की जायेगी। नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि नाले में गिरकर बच्चे की मौत की सूचना पर पालिका के कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवार के साथ हमारी संवेदना है, परिवार की हरसंभव मदद का प्रयास किया जायेगा। एसओ सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पंचनामा भर शव परिजनों के हवाले कर दिया।