डीसीपी ग्रामीण घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए। संवाद
लोनी। गनौली गांव से शनिवार सुबह पशुओं के लिए खल लेने निकले दूध कारोबारी ओंकार उर्फ ओमन (45) संदिग्ध हालात में लापता हो गए। कुछ घंटों बाद खरखड़ी अंडरपास के पास उनकी बाइक, खून से सनी चप्पल और करीब 10 गोली के खोखे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिवार ने हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए बंथला–चिरौड़ी मार्ग पर जाम लगाकर करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। डीसीपी देहात के मामले में उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और मार्ग बहाल किया। वहीं देर शाम लापरवाही के चलते चिराैड़ी चाैकी प्रभारी गजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार, ओंकार के भाई सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सुबह सात बजे रोज की तरह घर से बाइक पर पशुओं के लिए खल लाने के लिए लोनी जा रहे थे। आरोप है कि उनके भाई को अंडरपास के पास रोककर गोली मारकर हत्या की गई और फिर आरोपी कार में शव को डालकर ले गए।
पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच हर एंगल से की जा रही है। डीसीपी देहात के अनुसार, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में ओंकार बाइक से जाते और उनके पीछे एक कार जाती दिखाई दी है। कुछ देर बाद वही कार वापस लौटती दिखी, जिसमें कुछ युवक सवार बताए जा रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस को शक है कि ओंकार को कार में बैठाकर ले जाया गया।
डीसीपी ग्रामीण घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए। संवाद
डीसीपी ग्रामीण घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए। संवाद