महिला द्वारा युवक की डंडों से पिटाई का वीडियो वायरल होने से शनिवार को पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए। घटना कविनगर थाना क्षेत्र के लाल कुआं इलाके की है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 16 मई का है और पिटाई के बाद घायल युवक की 20 मई को मौत हो गई थी।
परिजनों का आरोप है कि पिटाई के बाद पुलिस ने युवक को ही हिरासत में ले लिया था और उसे छोड़ने की एवज में सात हजार रुपये भी ऐंठ लिए थे।मृतक के भाई सतीश ने बताया कि 16 मई को आरोपी महिला रागिनी ने उसके भाई पदम सिंह (26) को नौकरी दिलवाने के बहाने अपने घर बुलाया था,
जहां उसे बेरहमी से डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उल्टे महिला ने पुलिस को युवक के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने घायल स्थिति में उसके भाई को हिरासत में ले लिया और छोड़ने की एवज में सात हजार रुपये ऐंठ लिए।
सतीश के अनुसार पुलिस के छोड़ने के बाद उसने पदम को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 20 मई को उसकी मौत हो गई। पदम के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं थीं। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला रागिनी समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने महिला के पति धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, मगर मुख्य आरोपी महिला फरार है। सतीश ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उधर, वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि युवक की पिटाई के बाद ही गैर इरादतन हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। मौत के बाद इसे हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक चिल्लाता रहा बचाओ-बचाओ, लोग देखते रहे
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला मोटे बेंत से युवक को पीट रही है और आसपास खड़े आधा दर्जन से अधिक लोग देख रहे हैं। युवक विरोध की कोशिश करता है तो आसपास के कुछ युवक और महिलाएं उसे रोक देते हैं।
इसके बाद वह बचाओ-बचाओ की आवाज लगाकर चिल्लाता रहा मगर महिला बेरहमी से उसे पीटती रही। किसी ने युवक की मदद नहीं की।