थाना क्षेत्र में बहन-बहनोई के बीच चल रहे विवाद को निबटाने गए युवक को पहली मंजिल से धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। इस संबंध में कॉल सेंटर संचालक बहनोई समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मृतक नौशाद (27) निवासी मुगल गार्डन मसूरी था। उसकी बहन शबनम की शादी दो साल पहले लुहारो वाली गली मसूरी निवासी आस मोहम्मद से हुई थी। आस मोहम्मद गोविंदपुरम में कॉल सेंटर चलाता है। नौशाद के परिजनों का आरोप है कि आस मोहम्मद शबनम से मारपीट करता है।
नौशाद सात जनवरी को उसे समझाने उसके घर गया था, जहां आस मोहम्मद, उसकी ताई, ताई की बेटी और बेटे ने उसकेसाथ मारपीट की। उसे धक्का देकर पहली मंजिल से गिरा दिया।
गंभीर रूप से घायल हालत में उसे पहले कोलंबिया एशिया अस्पताल और बाद में दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। बुधवार सुबह उपचार के दौरान नौशाद की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले आए। आरोप है कि दोपहर में आस मोहम्मद कुछ युवकों के साथ हथियार लेकर उनके घर आया और धमकी देने लगा। लोगों के इकट्ठे होने पर वह भाग गया।
मसूरी पुलिस इसे गैर इरादतन हत्या का मामला बता रही है, जबकि मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक पुलिस एनसीआर को हत्या की धारा में तरमीम नहीं करेगी, वह शव को नहीं दफनाएंगे। देर रात पुलिस ने हत्या की धारा में केस को तरमीम किया, तब शव को दफनाया गया।
‘नहीं जाऊंगी ससुराल’
शबनम का कहना है कि वह अब ससुराल नहीं जाएगी। ऐसे पति केसाथ नहीं रह सकती, जिसने उसके भाई को मारा हो। शबनम ने ही इस मामले में मसूरी थाने में तहरीर दी थी। एसएचओ का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।