बस स्टैंड के पास हाईवे स्थित कालोनी में बुधवार को दो शातिरों ने एक महिला को बेहोश कर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर उड़ा लिए। शातिर हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच मे जुटी है।बस स्टैंड हाईवे स्थित सांवरियां गली निवासी संजय जोशी की कस्बा रोड पर कन्फेक्शनरी की दुकान है।
संजय ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी दुकान पर बैठे थे जबकि पत्नी रेखा जोशी घर पर मौजूद थीं। दो युवकों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। पत्नी के दरवाजा खोलने पर शातिरों ने अपना परिचय एक प्रतिष्ठित वाशिंग पाउडर कंपनी के एजेंट के रूप में बताया। जोशी के मुताबिक शातिर युवकों ने उनकी पत्नी से कहा कि वे कंपनी के प्रचार के लिए काफी कम कीमत पर वाशिंग पाउडर बेच रहे हैं।
बतौर सैंपल थोड़ा सा वाशिंग पाउडर उन्होंने उनकी पत्नी के हाथ में रखा। इसके कुछ देर बाद ही उनकी पत्नी अचेत हो गईं। इसके बाद शातिरों ने उनकी पत्नी के कानों के कुंडल, गले से सोने की चैन और पहना हुआ अन्य सोना चांदी का सामान उड़ा लिया। बाद में होश आने पर उनकी पत्नी ने उन्हें फोन पर वारदात की जानकारी दी। संजय जोशी ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है।
संजय जोशी ने पुलिस को बताया कि उनका मकान हाइवे पर है, इसीलिए गली के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में शातिरों के चेहरे गली में घुसने और बाहर आने पर रिकार्ड हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।