रईसपुर गांव में शनिवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के गले पर चोट के निशान मिले हैं। उधर महिला के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
दिल्ली-शाहदरा में रहने वाले डीटीसी से रिटायर्ड कंडक्टर ओमवीर सिंह ने अपनी बेटी पूनम चौधरी (27) की शादी करीब चार साल पूर्व गांव रईसपुर में रहने ऋषिपाल चौधरी के बेटे अमित चौधरी से की थी। पूनम का एक तीन साल का बेटा भी है।
पूनम के भाई सुशील का आरोप है कि शादी के एक साल बाद से ससुराल पक्ष के लोग पूनम पर दहेज का दबाव बना रहे थे। दहेज न मिलने से नाराज उसके सुसराल के लोगों ने पूनम की गला दबाकर हत्या कर दी और उसकी मौत को हार्टअटैक का रूप देने की कोशिश की है।
शील का कहना है कि उन्होंने पूनम के गले पर चोट के निशान देखे हैं। सुशील ने बताया कि पूनम का पति पिछले कई सालों से बेरोजगार है, जिसकी वजह से वह पूनम के साथ मारपीट कर दहेज की मांग करता था। इस बारे में कई बार पूनम ने परिजनों को बताया था।
सुशील ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने नहीं बल्कि पड़ोसियों ने उन्हें पूनम की मौत की सूचना दी। इसके बाद पूनम के परिजन ससुराल पहुंचे, जहां पता चला कि उसका पति पूनम को राजनगर स्थित गार्गी अस्पताल लेकर गया हुआ है, जहां डाक्टरों ने पूनम को मृत घोषित किया।
इस संबंध में परिजनों ने कविनगर थाने में पति और ससुराल के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।