कई दिन गर्म रहने के बाद रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद गाजियाबाद समेत एनसीआर में भी अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शीतलहर की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। काहरे और शीतलहर के आगे सूरज के तेवर भी ढीले पड़ गए। सुबह से ही शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा।
हालांकि ठंड बढ़ने के बावजूद लोगों ने क्रिसमस और वीकेंड पर जमकर लुत्फ लिया। मॉल्स-मल्टीप्लेक्स के अलावा रेस्तरां में भी रविवार को खासी भीड़ रही।मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और तेज हवाओं की वजह से मौसम के मिजाज में यह परिवर्तन आया है। अगले तीन दिन तक घना कोहरा छाया रहने का अनुमान जताया जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह घटकर 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी शनिवार को 11 डिग्री सेल्सियस था, रविवार को 9 डिग्री सेल्यिस पर पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार साल 2016 के आखिरी सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान गिरने के कारण दिन में भी लोग ठंड से ठिठुरते रहे। रविवार को शाम चार बजे से ही कोहरा फिर बढ़ गया था। मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. रंजीत सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट आई है।
अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
कोहरे की वजह से ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ाया
- 30 ट्रेनें लेट, कई ट्रेनों को किया री-शेड्यूल
गाजियाबाद। कोहरे की वजह से ट्रेनों का शेड्यूल भी गड़बडा गया। इसके चलते 20 से ज्यादा ट्रेनें लेट रहीं। कई ट्रेनों को री-शेड्यूल कर चलाया गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार को दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस चार घंटे, विक्रमशिला एक्सप्रेस 6:45 घंटे, श्रमजीवी एक्सप्रेस 2:40 घंटे, नई दिल्ली-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस 2:30 घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस 5 घंटे, नई दिल्ली-जोगबनी एक्सप्रेस 2:25 घंटे,
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 5:30 घंटे, कैफियत एक्सप्रेस 4:30 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल एक घंटे, युवा एक्सप्रेस 6:30 घंटे, आनंद विहार-दानापुर एक्सप्रेस 1:30 घंटे, आनंद विहार-कानपुर एक्सप्रेस 1:10 घंटे देरी से रवाना की गई। इन ट्रेनों को री-शेड्यूल किया गया। कोहरे की वजह से कई ट्रेनों को दो बार री-शेड्यूल करना पड़ा।